Lessons not learned from Morbi

Morbi से नहीं मिला सबक़ Karnataka से कुछ लोगों का अजीबोग़रीब वीडियो हुआ वायरल

गुजरात (Gujarat) के मोरबी (Morbi) में दर्दनाक पुल हादसे में 135 लोगों की जान चली गई। गुजरात के मोरबी हादसे को अभी दो दिन भी नहीं बीते कि कर्नाटक से एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है जिसमें एक नदी पर बने एक सस्पेंशन ब्रिज पर कार चलाई जा रही है। वीडियो उत्तर कन्नड़ जिले के येल्लापुरा शहर के शिवपुरा हैंगिंग ब्रिज का है जिस पर कुछ लोग महाराष्ट्र नंबर की मारुति 800 कार चलाते हुए दिख रहे हैं।

स्थानीय लोगों ने ऐसे सिखाया सबक

यह क्लिप 47 सेकंड का है, जिसमें हम देख सकते हैं कि एक मारुति 800 कार को संकरे सस्पेंशन ब्रिज से ले जाया जा रहा था। हालांकि, जब स्थानीय लोगों ने देखा तो उन्होंने ना सिर्फ घटना का वीडियो बनाया, बल्कि वाहन चालक को कार को पुल से वापस ले जाने के लिए मजबूर किया। इस वीडियो को खबर लिखे जाने तक हजारों व्यूज और सैकड़ों लाइक्स मिल चुके हैं। साथ ही, यूजर्स इस पर प्रतिक्रिया भी दे रहे हैं। एक यूजर्स ने लिखा- इनको यमराज से मिलने की जल्दी थी। वहीं दूसरे ने लिखा- टेस्टिंग चल रही है? अधिकतर यूजर्स ने एक ही सवाल पूछा कि आखिर हम लोग कब सुधरेंगे?

इन बेवकूफों ने कोई सबक नहीं सीखा’

यह वीडियो सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म से साझा किया जा रहा है। 1 नंवबर को ट्विटर यूजर @ajaychauhan41 ने यह क्लिप शेयर करते हुए लिखा- मोरबी दुर्घटना के बाद भी इन बेवकूफों ने कोई सबक नहीं सीखा। कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ जिले के येल्लापुरा शहर में एक झूलते पुल पर महाराष्ट्र के पर्यटकों को कार चलाते देखा गया। अंत में स्थानीय लोगों की सहायता से कार को सुरक्षित वापस लौटाया गया। बताया गया कि पैदल यात्रियों और दो पहिया वाहनों के निकलने के लिए यह संकरा सस्पेंशन ब्रिज बनाया गया है।

मोरबी ब्रिज हादसा

गुजरात के मोरबी में मच्छू नदी पर रविवार को एक सस्पेंशन ब्रिज गिर गया, जिसमें 135 लोगों की मौत हो गई। करीब 143 साल पुराने इस पुल को जो मरम्मत के बाद ठीक पांच दिन पहले फिर से खोला गया था। 30 अक्टूबर की शाम को जब पुल पर लोगों की भीड़ थी उसी दौरान पुल टूट गया।

पुलिस ने ब्रिज रेनोवेटर ओरेवा ग्रुप के चार लोगों समेत नौ को गिरफ्तार किया है। मोरबी नगर पालिका और ओरेवा ग्रुप के बीच मोरबी ब्रिज की मरम्मत, रखरखाव और देखरेख के लिए 15 साल का समझौता हुआ था। मोरबी नगर पालिका ने 15 साल के लिए हैंगिंग ब्रिज की मरम्मत और संचालन का ठेका ओरेवा ग्रुप को था।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को मोरबी घटना स्थल का दौरा किया और बचाव कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने मोरबी सिविल अस्पताल में घायलों से भी मुलाकात की और पुलिस को गहनता से जांच करने की सलाह दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *